राफेल विमान सौदे पर सुप्रीम कोर्ट से मोदी सरकार को क्लीन चिट मिलने से उत्साहित भाजपा ने शनिवार को कांग्रेस के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन किया। पार्टी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग भी की।
भाजपा ने एक बयान जारी कर कहा है कि उसके कार्यकर्ताओं ने देशभर में जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। लखनऊ, वाराणसी, चंडीगढ़, शिमला, जयपुर और तिरुअनंतपुरम समेत देश के विभिन्न हिस्सों में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी के खिलाफ नारे भी लगाए और राफेल मामले में देश के सामने झूठ बोलने के लिए उनसे माफी मांगने को कहा। अलग-अलग राज्यों में पार्टी के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। भुवनेश्वर में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने प्रदर्शन की अगुआई की तो मुंबई में महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल और पटना में बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया।
भाजपा ने राफेल मामले में सरकार के खिलाफ झूठे आरोप लगाने के मामले में राहुल गांधी द्वारा शीर्ष अदालत में माफी मांगने के मसले का भी उल्लेख किया है। पार्टी ने कहा है कि माफी मांगने के बाद ही सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें अवमानना के मामले से बरी किया। भाजपा ने यह भी कहा है कि राहुल गांधी इस मुद्दे पर देश से भी माफी मांगें।